चित्तौड़गढ़ पिकअप से 750 ग्राम अफीम के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार।

पिकअप से 750 ग्राम अफीम बरामद, दो तस्कर पुलिस गिरफ्त में
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़, 08 जनवरी। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पारसोली थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से 750 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामले में अफीम के परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एएसपी रावतभाटा भगवत सिंह एवं डीएसपी बेगूं अंजलि सिंह के निर्देशन में पारसोली थानाधिकारी शिवराज राव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पारसोली के सामने नाकाबंदी की जा रही थी।


नाकाबंदी के दौरान बिछोर की ओर से आ रही एक पिकअप गाड़ी को रोककर जांच की गई। पिकअप चालक और उसके साथी से पूछताछ की गई तो दोनों घबरा गए, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद वाहन की सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पिकअप के ग्लोव बॉक्स में रखी एक प्लास्टिक थैली से 750 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।

पुलिस ने मौके पर ही अफीम को जब्त कर लिया और पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया। इस कार्रवाई में 38 वर्षीय नारणाराम पुत्र जोगाराम जाट निवासी बांड, थाना गुढामालानी, जिला बाड़मेर तथा 45 वर्षीय बंशीलाल पुत्र कालू धाकड़ निवासी फुसरिया, थाना सिंगोली, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से अफीम की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post