उदयपुर सूरजपोल थाना क्षेत्र में वाहन तोड़फोड़ की वारदात का खुलासा, 6 घंटे में पुलिस ने पकड़ा शातिर आरोपी

सूरजपोल थाना क्षेत्र में वाहन तोड़फोड़ की वारदात का खुलासा, 6 घंटे में पुलिस ने पकड़ा शातिर आरोपी
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर। सूरजपोल थाना क्षेत्र के स्वराज नगर माछला मगरा इलाके में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब अज्ञात बदमाशों ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते हुए जमकर तोड़फोड़ की। रात के अंधेरे में करीब 24 वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और महज छह घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया गया।


घटना 06 जनवरी 2026 की रात की है, जब स्वराज नगर माछला मगरा क्षेत्र की गलियों और मुख्य सड़क पर खड़ी कारों व अन्य वाहनों को अराजक तत्वों ने नुकसान पहुंचाया। सुबह लोगों ने जब टूटी हुई गाड़ियों को देखा तो क्षेत्र में तनाव फैल गया। पीड़ित वाहन मालिकों ने तत्काल सूरजपोल थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर श्री योगेश गोयल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री उमेश सोझा तथा वृताधिकारी नगर पूर्व श्री सूर्यवीर सिंह राठौड़ के पर्यवेक्षण में सूरजपोल थाना पुलिस ने विशेष टीमें गठित कीं। थानाधिकारी श्री रतन सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर सामने आया कि दीवानशाह कॉलोनी निवासी नवाज़ पुत्र जावेद खान उर्फ लाला (19) अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दे रहा था। तीनों ने मिलकर इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से गाड़ियों में तोड़फोड़ की।

सूचना के आधार पर पुलिस जब आरोपियों की तलाश में माछला मगरा की पहाड़ियों तक पहुंची, तो तीनों आरोपी वहां छिपे हुए मिले। पुलिस को देखकर बचने के प्रयास में तीनों ने पहाड़ी से दूसरी ओर छलांग लगा दी। इस दौरान मुख्य आरोपी नवाज़ के दोनों पैर और एक हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि दोनों नाबालिग आरोपियों के पैरों में चोटें आईं।

पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। उपचार के बाद नवाज़ को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दोनों नाबालिगों को बाल न्याय अधिनियम के तहत डिटेन किया गया है।

प्राथमिक पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी नवाज़ के खिलाफ पहले से मारपीट और हत्या के प्रयास के प्रकरण दर्ज हैं। वहीं, एक नाबालिग आरोपी के खिलाफ भी हत्या, हत्या के प्रयास और मारपीट जैसे गंभीर मामले दर्ज होना सामने आया है। पुलिस तीनों से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह की अन्य संभावित वारदातों की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में सूरजपोल थाना पुलिस की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post