मंदसौर जिले में नशे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई: शामगढ़ पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में शराब और मादक पदार्थों की बड़ी खेप पकड़ी
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश दसौर जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगाम कसने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना शामगढ़ पुलिस ने एक ही दिन में तीन अलग-अलग प्रकरणों में प्रभावी कार्यवाही करते हुए अवैध कच्ची शराब, देशी शराब तथा मादक पदार्थ एमडीएमए और डोडाचूरा जब्त कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) श्रीमती हेमलता कुरील तथा एसडीओपी सीतामऊ श्री दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में की गई। पूरी कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी शामगढ़ श्री कपिल सौराष्ट्रीय ने अपनी टीम के साथ किया।
पहला प्रकरण: कच्ची जहरीली शराब की खेप जब्त
दिनांक 24 जनवरी 2026 को शामगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि डग (जिला झालावाड़, राजस्थान) की ओर से एक आई-20 कार में दो व्यक्ति अवैध हाथ भट्टी की कच्ची जहरीली शराब लेकर शामगढ़ की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने चाँदखेड़ी रोड पर घेराबंदी कर कार क्रमांक MP07CD9283 को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी केन से कुल 60 लीटर अवैध हाथ भट्टी कच्ची जहरीली शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 6000 रुपये बताई गई।
इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया —
अरमान खान, उम्र 22 वर्ष, निवासी डग, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
जावेद कुरेशी, उम्र 26 वर्ष, निवासी शामगढ़
दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 49-ए के तहत थाना शामगढ़ में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है। पुलिस ने शराब के साथ आई-20 कार (कीमत लगभग 8 लाख रुपये) भी जब्त की है।
दूसरा प्रकरण: 7 पेटी अवैध देशी शराब पकड़ी
उसी दिन शामगढ़ पुलिस को दूसरी मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की ब्रेजा कार में अवैध देशी शराब भरकर एक व्यक्ति बरखेड़ा नायक से निपानिया होते हुए मेलखेड़ा की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बरखेड़ा नायक से निपानिया के कच्चे रास्ते पर निगरानी की। वहां से गुजर रही ब्रेजा कार क्रमांक MP09WE2153 को रोका गया।
वाहन की तलाशी के दौरान चालक रिंकू पिता बंशीलाल प्रजापत, उम्र 32 वर्ष, निवासी मधुर कॉलोनी शामगढ़, के कब्जे से 7 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 29 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस ने शराब के साथ मारुति ब्रेजा कार (कीमत लगभग 10 लाख रुपये) भी जब्त कर ली।
तीसरा प्रकरण: एमडीएमए और डोडाचूरा बरामद
तीसरी कार्रवाई पुलिस चौकी चंदवासा, थाना शामगढ़ क्षेत्र में की गई। मुखबिर से सूचना मिली कि एक लाल-काले रंग की बिना नंबर की हीरो मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति एमडी पाउडर और डोडाचूरा लेकर मेलखेड़ा से चंदवासा की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रामखेड़ी निपानिया फंटा तिराहे पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश उर्फ रामलाल मेघवाल, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम बर्डिया अमरा, थाना गरोठ के रूप में हुई। उसके कब्जे से 100 ग्राम एमडीएमए पाउडर (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) तथा 1 किलोग्राम डोडाचूरा (कीमत लगभग 4 हजार रुपये) बरामद किया गया। साथ ही बिना नंबर की मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 20 हजार रुपये) भी जब्त की गई। इस मामले में आरोपी के साथी दिलीप सिंह निवासी पिपलिया मिठ्ठेशाह, थाना गरोठ, फरार बताया गया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15/22/29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इन तीनों कार्रवाइयों में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनोज कुमार महाजन, उपनिरीक्षक रविंद्र प्रताप डांगी, सहायक उपनिरीक्षक शारदा प्रसाद तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक रूपसिंह झाला, प्रधान आरक्षक ममशाद नूर, प्रधान आरक्षक चतर सिंह देवड़ा, प्रधान आरक्षक धनपाल जाट, प्रधान आरक्षक सूरजपाल सिंह, प्रधान आरक्षक बहादुर सिंह, आरक्षक अनिल गुर्जर, आरक्षक विशाल सिंह चंद्रावत तथा आरक्षक श्रीकृष्णा सिकरवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
लगातार की जा रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि शामगढ़ पुलिस क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के कारोबार पर सख्त नजर रखे हुए है तथा ऐसे अवैध कार्यों में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।
Tags
Breaking News