उदयपुर के कानोड़ में दर्दनाक घटना: 19 वर्षीय युवती ने कुएं में कूदकर दी जान
उदयपुर जिले के कानोड़ क्षेत्र से सोमवार सुबह एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव में शोक की लहर फैला दी। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे एक बुजुर्ग महिला अपनी 19 वर्षीय पोती के साथ घर से लगभग एक किलोमीटर दूर खेत पर दूध निकालने के लिए गई थी।
बताया जा रहा है कि जब दादी पशुओं का दूध निकालने में व्यस्त थी, उसी दौरान युवती पास ही स्थित बिना मुंडेर के कुएं के पास पहुंची और अचानक उसमें छलांग लगा दी। युवती पिछले करीब आठ वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही थी, जिससे इस कदम के पीछे यही कारण माना जा रहा है।
कुछ समय बाद जब दादी ने पोती को आसपास नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह कहीं नजर नहीं आई। बाद में कुएं के पास उसकी चप्पलें मिलने पर अनहोनी की आशंका गहरा गई। घटना की सूचना तुरंत परिवार और ग्रामीणों को दी गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर काफी प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
इसके बाद प्रशासन को सूचित किया गया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर दीपेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर सिविल डिफेंस टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने कुएं से शव को बाहर निकाला और पुलिस थाना कानोड़ को सौंप दिया।
मृतका की पहचान वर्षा मंदावत के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
DS7NEWS NETWORK UDAIPUR
Tags
Breaking News