चित्तौड़गढ़ 2 साल से फरार अफीम तस्करी का ईनामी आरोपी डूंगला से गिरफ्तार

दो साल से फरार अफीम तस्करी का ईनामी आरोपी डूंगला से गिरफ्तार, ऑपरेशन त्रिनेत्र में पुलिस को सफलता
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले की डूंगला थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक ईनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उदयपुर रेंज में चल रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत की गई, जिसका उद्देश्य फरार अपराधियों को पकड़कर कानून के दायरे में लाना है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है जो विभिन्न मामलों में फरार होकर छिपे हुए हैं। इसी अभियान के दौरान डूंगला थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। पुलिस टीम ने सिरोही जिले के पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के प्रकरण में वांछित आरोपी को पकड़ने में कामयाबी हासिल की।

पुलिस के अनुसार आरोपी नरेश पुत्र कैलाश जाट, निवासी डूंगला, वर्ष 2023 में दर्ज अफीम तस्करी के मामले के बाद से लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अलग-अलग स्थानों पर रहकर अपनी पहचान छिपाता रहा, जिससे पुलिस को उसे पकड़ने में कठिनाई हो रही थी।

इसी बीच डूंगला थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और उसके घर पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। आरोपी को हिरासत में लेने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई और संबंधित थाने को इसकी जानकारी दी गई है, जहां इस मामले का अनुसंधान चल रहा है।

इस पूरी कार्रवाई में डूंगला थानाधिकारी मुकेश कुमार आरपीएस प्रोबेशनर के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रही। कांस्टेबल विष्णु कुमार, जयप्रकाश और पवन ने भी आरोपी को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को सूचना दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post