ऑपरेशन त्रिनेत्र में बड़ी सफलता: 5 किलो 140 ग्राम अवैध अफीम जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ शंभूपुरा जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। शंभूपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 किलो 140 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार जिलेभर में मादक पदार्थों के भंडारण और परिवहन पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन और पुलिस उप अधीक्षक विनोद कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
थानाधिकारी धर्मराज मीना के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 5 किलो 140 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान खेमराज (41) निवासी राजपुरिया, थाना नीमच (मध्यप्रदेश) और पप्पू सेन निवासी जावी, थाना नीमच के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी अवैध अफीम की तस्करी में लिप्त थे और लंबे समय से इस गतिविधि में संलिप्त होने की आशंका है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच जारी है, साथ ही इनके नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश भी की जा रही है।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Tags
Breaking News