कुंभलगढ़ में आकाशीय बिजली का कहर: 16 वर्षीय किशोर की मौत, 16 बकरियां भी मरीं — गांव में मातम
डीएस सेवन न्यूज राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ क्षेत्र में सोमवार को मौसम ने अचानक विकराल रूप ले लिया, जिससे एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश और ओलावृष्टि के बीच गजपुर पंचायत के बरडाया गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद 16 बकरियां भी काल का शिकार हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मदन लाल पुत्र फेफरा राम भील, निवासी कूड़ा काड़ (गजपुर), रोजाना की तरह बकरियां चराने निकला था। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया। बारिश से बचने के लिए वह पास ही एक महुआ के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया, लेकिन यही निर्णय उसके लिए घातक साबित हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चतरा जी का गुड़ा स्थित एक सरकारी स्कूल के पास तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी, जिसकी चपेट में मदन लाल आ गया। बिजली गिरते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान उसके साथ मौजूद प्रकाश पुत्र माधु राम भील भी झुलस गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे में केवल जनहानि ही नहीं हुई, बल्कि बड़ी संख्या में पशुधन का भी नुकसान हुआ। मौके पर मौजूद 16 बकरियां भी बिजली गिरने से मारी गईं, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं प्रशासन ने पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और घायल युवक के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने की मांग की है।
Tags
Breaking News