CBN की बड़ी कार्रवाई: 31 क्विंटल डोडाचूरा जब्त, अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह पर कसा शिकंजा — 1 आरोपी गिरफ्तार”
डीएस सेवन न्यूज नीमच/जावरा, मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्य प्रदेश इकाई ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में करीब 31 क्विंटल डोडाचूरा से भरा ट्रक जब्त किया गया है, जबकि गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, सीबीएन की P&I सेल, जावरा को खुफिया सूचना मिली थी कि रतलाम जिले के पिपलोदा क्षेत्र से संचालित एक आपराधिक गिरोह हाईवे पर ट्रकों को निशाना बनाकर डोडाचूरा की लूट कर रहा है और बाद में उसे अवैध रूप से खपा रहा है।
3 मई 2026 की सुबह मिली सूचना के आधार पर पता चला कि गिरोह ने देवास-उज्जैन टोल प्लाजा (NH-752D) के पास पंजाब नंबर के एक टाटा ट्रक को लूट लिया है। ट्रक में भारी मात्रा में डोडाचूरा भरा हुआ था, जिसे आरोपी स्थानीय बाजार में बेचने की तैयारी कर रहे थे।
सूचना मिलते ही सीबीएन टीम ने बिना देरी किए जावरा-रतलाम रोड पर घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध ट्रक को रोका गया और तलाशी लेने पर उसमें से करीब 31 क्विंटल डोडाचूरा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए। अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
सीबीएन अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और हाईवे पर ट्रकों की लूट के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी को अंजाम दे रहा था। इस कार्रवाई को मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही मुहिम में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Tags
Breaking News