मंदसौर में MD तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 500 ग्राम एमडी मामले में 2 और आरोपी गिरफ्तार
कुख्यात आरोपी महावीर राजपूत सहित दो गिरफ्तार, दोनों पर पहले से दर्ज हैं कई गंभीर अपराध
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश मंदसौर, 08 मई 2026। मंदसौर शहर कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए एमडी ड्रग्स मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कुख्यात बदमाश महावीर राजपूत और सादिक गढ़वी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार महावीर पर पहले से 8 तथा सादिक पर 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार 07 मई 2026 को थाना कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी इमरान पिता मीरगुल उर्फ बंटी पठान (25) निवासी दावतखेड़ी, मंदसौर को गिरफ्तार किया था। आरोपी के कब्जे से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स एवं 500 ग्राम अफीम बरामद की गई थी। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18, 22 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
पुलिस ने आरोपी इमरान का 7 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम उजागर किए। इसके आधार पर पुलिस ने महावीर पिता रामसिंह चौहान (45) निवासी शनि विहार कॉलोनी तथा सादिक पिता शाकिर गढ़वी मुल्तानी (26) निवासी नरसिंहपुरा, मंदसौर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी महावीर राजपूत के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी के अलावा जुआ-सट्टा, जहरीली शराब बेचने, मारपीट तथा बलात्कार जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। वहीं आरोपी सादिक पर मारपीट, सट्टा एवं जहरीली शराब बेचने जैसे मामले पहले से दर्ज बताए गए हैं।
पूरे मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर एवं थाना शहर कोतवाली मंदसौर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और तस्करी के स्रोतों की जांच में जुटी हुई है।
Tags
Breaking News